विदिशा में 30 फीट गहरे तालाब में गिरी कार

विदिशा जिले में गुरुवार देर रात बारातियों से भरी तेज रफ्तार टवेरा कार अनियंत्रित होकर 30 फीट गहरे सूखे तालाब में जा गिरी। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य लाेग घायल हो गए, घायलाें में दाे की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। गैरतगंज के जाफरखेड़ी निवासी दशरथ सिंह के यहां बारात आ रही थी। टवेरा कार में कुल 10 लोग सवार थे। देर रात अंधेरा होने और तेज रफ्तार के कारण ड्राइवर वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कार सड़क से फिसलकर करीब 30 फीट नीचे सूखे तालाब में जा गिरी। हादसे में 35 वर्षीय राजेश लोधी, 30 वर्षीय सोनू लोधी (ड्राइवर) और 35 वर्षीय चंद्रशेखर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं घायलों में अशोक लोधी (25) का बायां हाथ फ्रैक्चर हुआ है। 14 वर्षीय राज बोधी के पेट में गंभीर चोट आई है। बृजेश लोधी (27) और सुदीप लोधी (20) के सीने में गंभीर चोटें हैं। 45 वर्षीय भावसिंह लोधी और 10 वर्षीय ऋतुराज लोधी की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इनमें से एक घायल को देर रात गंभीर हालत में भोपाल रेफर करना पड़ा।




आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण....

वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि शादी वाले घर से एक किलोमीटर दूर हुआ है। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। निजी वाहनों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल खून से सने हुए थे। किसी के माथे से तो किसी के हाथ से खून बह रहा था।


कलेक्टर पहुंचे अस्पताल...

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अंशुल गुप्ता जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना। घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। एडीएम, तहसीलदार, सीएसपी, कोतवाली और सिविल लाइन थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. अनूप वर्मा के नेतृत्व में डॉक्टर्स की टीम ने घायलों का इलाज शुरू किया।  




और नया पुराने