फर्जी इनकम टैक्स रेड कर समेट ले गए 50 तोला सोना, 3 लाख कैश

फिल्म 'स्पेशल 26' पर मध्यप्रदेश में सनसनीखेज लूट, इनकम टैक्स अधिकारी बनकर लूटे लाखों के गहने और 3 लाख कैश....

मध्यप्रदेश के धार जिले के बाग में शुक्रवार को बॉलीवुड फिल्म स्पेशल 26 की तर्ज पर बदमाशों ने लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर धड़धड़ाते हुए एक ठेकेदार के घर में दाखिल हुए और ठेकेदार के पूरे परिवार को घर के एक कमरे में बंद कर घर से 50 तोला सोना और तीन लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। वारदात सुबह करीब 10 बजे की है, जब तक ठेकेदार व उनके परिवार वालों को अपने साथ हुई घटना का एहसास होता बदमाश लूट कर फरार हो चुके थे।

परिवार को धमकाया, अलमारी की चाबी मांगी.....

पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाशों ने पहले पति‑पत्नी को अलग‑अलग कमरों में बैठाया और फिर अलमारी की चाबी मांगी।  डर के माहौल में पति‑पत्नी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपी उनकी अलमारी खंगालने लगे।  अलमारी से उन्हें भारी मात्रा में सोना मिला (करीब 50 तोला सोने के आभूषण), जिनमें परिवार की बेटी के शादी के गहने भी शामिल थे।  इसके अलावा बदमाशों ने लगभग 4 लाख रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए। 

आयकर विभाग की टीम बताकर घर में घुसे लुटेरे....

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 बजे की है।  बाग निवासी ठेकेदार राजकुमार मालवी के घर पांच लोग पहुंचे और खुद को इनकम टैक्स विभाग का अधिकारी बताया।  उन्होंने कहा कि उन्हें ब्लैक मनी और गोल्ड की जांच करनी है।  इसी बहाने उन्होंने घर की तलाशी शुरू कर दी।  राजकुमार मालवी और उनकी पत्नी कृष्णा मालवी शुरुआत में घबरा गए और विरोध नहीं कर सके।  


दंपति को कमरे में बंद किया और मौके से फरार....

लूट को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने राजकुमार मालवी और उनकी पत्नी को घर के एक कमरे में बंद कर दिया और बाहर से ताला लगा दिया।  इसके बाद पांचों आरोपी आराम से घर से निकलकर फरार हो गए।  कुछ देर बाद दंपति ने शोर मचाया, जिसके बाद पास-पड़ोस के लोग उनके घर पहुंचे।  लोगों ने स्थिति समझते ही तुरंत बाग पुलिस को सूचना दी। 




और नया पुराने