महादेव मेले में भक्तों की अपार भीड़ उमड़ी

आशीष रावत....पचमढ़ी महादेव मेले में अपने आराध्य के दर्शन करने अपार जनसमूह पहुंच रहा चौरागढ़ मंदिर...


पचमढ़ी महादेव मेले में पचमढ़ी में भक्तों की अपार भीड़ उमड़ी । ऊंची-ऊंची चढ़ाई और दुर्गम मार्ग भी श्रद्धालुओं के उत्साह और अटूट विश्वास को डिगा नहीं पा रहे हैं। भगवान भोलेनाथ के प्रति गहन आस्था रखते हुए श्रद्धालु बड़े एवं भारी त्रिशूल लेकर कठिन और लंबा रास्ता तय कर चौरागढ़ मंदिर में दर्शन करने पहुंच रहे हैं । भक्तों का यह उत्साह रात्रि में भी कम नहीं हो रहा है । उनके उत्साह एवं भक्ति में किसी भी प्रकार की कमी नहीं देखी जा रही है । कड़कड़ाती ठंड और कठिन चढ़ाई के बाद भी मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने वाले भक्तो की कतार नही टूट रही है । सभी भक्त देर रात्रि तक शिखर स्थल चोरागढ़ पहुंच कर भगवान भोलेनाथ के दर्शन का लाभ ले रहे है ।



मेले में खोया-पाया केंद्र बना सहारा..

मेले में खोया पाया केंद्र सक्रिय रूप से मेले में गुम हो जाने वाले व्यक्तियों की सहायता कर उन्हें उनके संबंधियों एवं परिजनों के सुपुर्द कर रहा है। प्रशासन द्वारा स्थापित किए गए खोया पाया केंद्र से पीए सिस्टम के माध्यम से निरंतर सूचनाओं का आदान-प्रदान श्रद्धालुओं को किया जा रहा है। भीड़ भाड़ में व्यक्तियों के गुम हो जाने पर खोया पाया केंद्र द्वारा उन्हें उनके परिजनों से मिलवाया जा रहा है। गत दिवस सिवनी जिले के रहने वाले 8 वर्षीय बालक शौर्य नायक अपने परिवार से बिछड़ गया जिसे कंट्रोल रूम द्वारा उनके पिता से मिलवाया गया। इसी प्रकार कंट्रोल रूम के खोया पाया केंद्र द्वारा सहायता कर छिंदवाड़ा जिले की निवासी आशा राठौर को भी उनके भाई महेश राठौर से मिलवाया गया। कंट्रोल रूम 24 घंटे सतत रूप से श्रद्धालुओं की सहायता करने के लिए संचालित किया जा रहा है।



सुरक्षा, यातायात....

महाशिवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष पचमढ़ी से महादेव तक टैक्सी किराया 50 रुपए निर्धारित किया गया है। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, सुरक्षा, साफ-सफाई एवं आवागमन की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। पूरे मेला क्षेत्र में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो निरंतर मेले की व्यवस्थाओं पर निगरानी रखेंगे। इसके साथ ही पुलिस एवं होमगार्ड के जवानों की भी तैनाती की गई है। 



स्वच्छता पर फोकस....

मेले में सर्वाधिक आवश्यक व्यवस्था स्वच्छता के लिए सफाई मित्र सुबह से ही सक्रिय हो जाते हैं। सफाई मित्रों द्वारा पूरे मेला स्थल पर विभिन्न स्थानों पर नियमित रूप से सफाई की जा रही है तथा कचरे का उचित एवं प्रभावी निष्पादन एवं प्रबंध सुनिश्चित किया जा रहा है जिससे भक्तों को स्वच्छ वातावरण की अनुभूति मिल सके। स्वच्छता मित्र प्रातः से ही विभिन्न दुकानों के समीप जाकर कचरा एकत्रीकरण का कार्य संपादित कर रहे हैं। साथ ही शौचालय इत्यादि की सफाई एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी सफाई मित्रों द्वारा नियमित रूप से किया जा रहा है।







और नया पुराने