आशीष रावत...नर्मदापुरम संभाग में अचानक बदले मौसम ने व्यापक तबाही मचा दी तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और भीषण ओलावृष्टि ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया.....
मप्र में गजब का मौसम नजर आ रहा है, एक तरफ तापमान 40 डिग्री के पार है तो दूसरी तरफ तेज आंधी-तूफान चल रहा है। बारिश और ओलावृष्टि का कहर देखने को मिल रहा है। नर्मदापुरम संभाग में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट लेते हुए तबाही का मंजर पैदा कर दिया। तेज आंधी, जोरदार बारिश और ओलावृष्टि ने खेतों से लेकर घरों तक भारी नुकसान पहुंचाया। कई इलाकों में तेज हवाओं के चलते पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गए, जबकि कच्चे और टीन शेड वाले घरों की छतें उड़ गईं। किसानों के लिए यह बदलाव किसी आपदा से कम नहीं रहा, क्योंकि तैयार खड़ी फसलें देखते ही देखते बर्बाद हो गईं। खासकर बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में करीब आधे घंटे तक लगातार ओले गिरते रहे, जिससे खेतों में बर्फ जैसी सफेद परत जम गई और लगभग 50 प्रतिशत फसल खराब हो गई।
वहीं, नर्मदापुरम जिले के बनखेड़ी, सेमरीहरचंद और तवानगर जैसे इलाकों में भी ओलावृष्टि का असर बेहद गंभीर रहा। यहां करीब 20 मिनट तक ओले गिरने के साथ लगभग 50 मिनट तक तेज बारिश दर्ज की गई। नर्मदापुरम शहर में भी सुबह छह से सात बजे के बीच हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की गई और मौसम ठंडा हो गया । अचानक बदले इस मौसम ने आम जनजीवन को भी प्रभावित किया, जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर तेज हवाओं और बारिश ने दैनिक गतिविधियों में बाधा डाली।


