आशीष रावत....मध्य प्रदेश लोकायुक्त की टीम ने शनिवार, 14 नवंबर 2026 को सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (STR) के एसडीओ (सहायक संचालक) संजीव कुमार शर्मा के छिंदवाड़ा और पचमढ़ी स्थित ठिकानों पर एक साथ छापा मारा है....
लोकायुक्त भोपाल की दो टीमों ने शनिवार सुबह सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक संजीव शर्मा के छिंदवाड़ा और पचमढ़ी स्थित सरकारी आवासों पर एक साथ छापेमारी की। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर हुई इस कार्रवाई में अब तक 23 लाख रुपये नकद, करीब 700 ग्राम सोने के जेवर और होटल-रिसॉर्ट से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है। दोनों ठिकानों पर सुबह सात बजे से तलाशी और दस्तावेजों की जांच जारी है।
लोकायुक्त की टीम अब बैंक खातों, अचल संपत्तियों, निवेश, आय के ज्ञात स्रोतों और दस्तावेजों का मिलान करेगी। यह भी जांचा जाएगा कि बरामद नकदी, आभूषण और अन्य संपत्तियां उनकी वैध आय के अनुपात में हैं या नहीं। फिलहाल बरामदगी का आंकड़ा प्रारंभिक है। लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, पूरी जांच और मूल्यांकन के बाद ही कुल संपत्ति का वास्तविक आकलन सामने आएगा।

