प्रदेश की राजधानी भोपाल में आगामी 30 और 31 मार्च को राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के युवा विधायकों का एक भव्य समागम होने जा रहा है.....
राजधानी भोपाल में तीन राज्यों के युवा विधायकों का संवाद होने वाला है। जहां 30 और 31 मार्च को मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के 70 से ज्यादा विधायक जुटेंगे ये सभी विधायक 45 साल से कम उम्र के होंगे । युवाओं के बीच संसदीय प्रणाली को लेकर संवाद होगा। खास बात यह है कि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी लगातार इस सम्मेलन को लेकर एक्टिव नजर आ रहे हैं। क्योंकि इस सम्मेलन का नेतृत्व एमपी की तरफ से किया जा रहा है। बता दें कि 2023 में इन तीनों राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए थे। जहां मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में बड़ी संख्या में युवा नेताओं को जनता ने विधायक बनाकर सदन में भेजा था। ऐसे में अब युवा विधायकों को संसदीय प्रणाली से रूबरू कराया जा रहा है, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था की और समझ हो सके। इसलिए भोपाल में यह आयोजन किया जा रहा है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी आएंगे....
युवा विधायकों के सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी आएंगे और वह संवाद करेंगे। कार्यक्रम में सीएम डॉ मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार,संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी शामिल रहेंगे। ये सभी 31 मार्च को युवा विधायकों से संवाद करेंगे। इसके अलावा राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्षों को भी इस सम्मेल में शामिल होने के लिए बुलाया जा रहा है।
