ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच जारी तनाव ने ड्राईफ्रूट बाजार की सप्लाई चेन को बुरी तरह प्रभावित किया है। खासतौर पर ईरान से आने वाले प्रीमियम मेवे जैसे मामरा बादाम, पिस्ता और केसर की आवक रुकने से इनके दामों में भारी उछाल देखने को मिल रहा है। शादी सीजन के बीच बढ़ती कीमतों ने न सिर्फ उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ बढ़ाया है, बल्कि हलवाई, होटल संचालक और व्यापारियों की चिंता भी बढ़ा दी है।
व्यापारियों के अनुसार, भारत में सूखे मेवों की आपूर्ति का बड़ा हिस्सा ईरान और अफगानिस्तान से आता है। युद्ध के कारण समुद्री मार्ग असुरक्षित हो गए हैं, जिससे बीमा प्रीमियम और फ्रेट चार्ज बढ़ गए हैं। सीमित स्टॉक के चलते व्यापारी ऊंचे दामों पर बिक्री कर रहे हैं।
कीमतों में भारी उछाल....ईरानी ममरा बादाम ₹2,000 से बढ़कर ₹2,800 प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। पिस्ता ₹1,600-₹1,700 से बढ़कर ₹2,600 प्रति किलो तक बिक रहा है।
खजूर, काजू और मखाने में स्थिरता....
राहत की बात यह है कि ओमान और सऊदी अरब से आने वाले खजूर और किशमिश पर अभी ज्यादा असर नहीं पड़ा है। वहीं काजू और मखाना भारतीय उत्पादन होने के कारण इनके दाम फिलहाल स्थिर बने हुए हैं।
