धार में दर्दनाक सड़क हादसा 16 लोगों की मौत

धार में हुए सड़क हादसे की खबर ने प्रदेश समेत देश को झकझोर कर रख दिया है। इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई इस दर्दनाक और रूह कंपा देने वाली दुर्घटना ने पीड़ितों के परिजनों को कभी न भूल पाने वाले जख्म दिए हैं। अब तक इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 10 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इंदौर में उनका उपचार चल रहा है।

हादसा चिकलिया स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास रात 8:30 बजे हुआ। मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक मजदूर सवार बताए जा रहे हैं। वाहन पलटने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई थी। गुरुवार सुबह मिले अपडेट के मुताबिक मृतकों का आंकड़ा 16 हो गया है, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 10 अति गंभीर घायलों को इंदौर रेफर किया गया है। यह पिकअप वाहन धार से अमझेरा की ओर जा रहा था। तभी ओवरलोड पिकअप वाहन असंतुलित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया, फिर सामने से आ रही स्कॉर्पियो से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई श्रमिक वाहन के नीचे दब गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायलों को निकाला।


ठूंस-ठूंसकर श्रमिकों पिकअप में बैठाया गया था....

हादसे का कारण पिकअप वाहन में सवार श्रमिक ग्राम बग्गड़ के पास खेत पर काम करने गए थे और लौटते समय यह हादसा हुआ।  वाहन में ठूंस-ठूंसकर श्रमिक भरे थे। इसका खामियाजा श्रमिकों को जान देकर चुकाना पड़ा।



पीएम मोदी ने जताया गहरा दुख, आर्थिक सहायता का एलान किया....

इस भीषण हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।

और नया पुराने