बालगृह से बाथरूम की ग्रिल तोड़कर भागे 3 बच्चे

उज्जैन स्थित शासकीय बालगृह से एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई , मंगलवार शाम यहां से तीन बच्चे बाथरूम की ग्रिल तोड़कर भाग गए.....

उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र स्थित लालपुर शासकीय बालगृह से मंगलवार शाम को तीन बच्चों ने बाथरूम की ग्रिल तोड़कर वहां से भागने में कामयाबी हासिल कर ली । बच्चों ने पहले बाथरूम की ग्रिल को तोड़ा और फिर उसी रास्ते से बाहर निकल गए। यह सब इतनी चुपचाप हुआ कि बालगृह के स्टाफ को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब गिनती के दौरान बच्चों की कमी महसूस हुई, तब जाकर मामला सामने आया। इसके बाद बालगृह में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। उज्जैन बालगृह से बच्चे फरार होने की सूचना मिलते ही नागझिरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत शहरभर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संभावित जगहों पर भी बच्चों की तलाश की गई, ताकि वे कहीं दूर न निकल जाएं। लेकिन देर रात तक तीनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस का कहना है कि आसपास के CCTV कैमरों की जांच की जा रही है और हर संभव कोशिश की जा रही है ताकि बच्चों को जल्द से जल्द ढूंढा जा सके।


कौन हैं ये बच्चे? सामने आई अहम जानकारी

फरार हुए तीन बच्चों में से दो उज्जैन के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो पिछले छह महीने से इस बालगृह में रह रहे थे। वहीं तीसरा बच्चा शाजापुर जिले का है, जिसे महज एक हफ्ते पहले ही बालगृह में लाया गया था। इस वजह से यह मामला और भी संवेदनशील हो जाता है, क्योंकि नया बच्चा भी इतनी जल्दी फरार हो गया।

पहले भी बालगृह से भागे थे बच्चे

बता दे कि यह पहली घटना नहीं है।  इससे पहले 20 जनवरी 2026 को इसी बालगृह से दो नाबालिग बच्चे बाथरूम की ग्रिल और वेंटिलेशन तोड़कर फरार हो गए थे। वहीं नवंबर 2023 में भी तीन बच्चे कमरे की ग्रिल तोड़कर भाग चुके हैं, जिनका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।  लगातार हो रही इन घटनाओं ने बालगृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।  अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या ठोस कदम उठाता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। 

और नया पुराने