महाराष्ट्र के पनवेल से एक मालगाड़ी जबलपुर के बिटोनी की ओर जा रही थी। भारत पेट्रोलियम की इस मालगाड़ी के 32 वैगन में एलपीजी गैस भरी हुई थी। स्टाफ चेंज के लिए गाड़ी को खंडवा आउटर पर रोका गया। इस दौरान ट्रेन स्टाफ ने डिब्बों की जांच की, जिसमें एक वैगन से गैस रिसाव होने की जानकारी सामने आते ही हड़कंप मच गया। इसके बाद तुरंत ही रेलवे, जिला प्रशासन और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, जिला कलेक्टर, खंडवा एसपी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर इस रूट से गुजर रही राजधानी सहित करीब 6 ट्रेनों को सुरक्षित दूरी पर आउटर में ही रोक दिया गया। रात करीब साढ़े 12 बजे 31 वैगन के साथ मालगाड़ी को रवाना कर दिया गया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से आरपीएफ और जीआरपी स्टाफ मौके पर तैनात रहा। अलग किए गए वैगन को सुरक्षित रखा गया है और उसे जल्द ठीक कर रवाना करने के प्रयास जारी हैं।
हो सकता था बड़ा हादसा....जिला कलेक्टर गुप्ता ने बताया कि इस घटना के बाद लीकेज वाले वैगन को आइसोलेट किया गया और 32 वैगन में से 31 वैगन को अलग कर मालगाड़ी को यहां से अपने गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया । करीब 3 घंटे तक यह ऑपरेशन जारी रहा, जिसके चलते इस दौरान खंडवा स्टेशन से गुजरने वाली तमाम गाड़ियों को आउटर पर रोक दिया गया था. जिसके बाद ही इस रूट से यातायात को जारी किया गया। उन्होंने बताया कि अलग किए गए एक वैगन में ही इतना पर्याप्त एलपीजी गैस भरा रहता है, जिससे एक बड़ा हादसा यहां हो सकता था।
31 वैगन को किया गया रवाना...खंडवा डीआईजी मनोज कुमार राय ने बताया कि लीकेज की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेलवे के अधिकारी मौके पर जुटे। यहां सबसे ज्यादा जरूरी लीकेज को पहचान कर उसकी खतरनाक स्थिति से लोगों को दूर रखना था। जिसके चलते इस रूट पर आने वाली ट्रेनों को रोका गया, और लीकेज वाले वैगन को आइसोलेट करके अलग ले जाया गया। उसे तुरंत ही पानी और बोरे के इस्तेमाल से रोकने के प्रयास किए गए। साथ ही पीथमपुर से बुलाई गई टेक्निकल टीम बचे हुए लीकेज को भी ठीक करने आ रही है। बचे हुए वैगन के साथ मालगाड़ी को रात लग्भग 12:30 बजे रवाना कर दिया गया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से आरपीफ और जीआरपी स्टाफ स्टेशन पर ही मौजूद रहा। वैगन को आइसोलेट करके रखा हुआ है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि बहुत ही जल्द उसे भी ठीक करके यहां से रवाना कर दिया जाए।

