नर्मदापुरम जिले में अवैध खनन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। भोपाल तिराहा के समीप श्री कुंज मैरिज गार्डन के सामने किए जा रहे मिट्टी के भंडारण की शिकायत प्राप्त होने पर मामले की संयुक्त जांच तहसीलदार श्रीमती सरिता मालवीय, नायब तहसीलदार नर्मदापुरम एवं खनि निरीक्षक पिंकी चौहान द्वारा की गई। जांच के दौरान ग्राम खोजनपुर, तहसील नर्मदापुरम स्थित उक्त स्थल पर मिट्टी का अवैध भंडारण पाया गया।
टीम द्वारा मौके पर भंडारित मिट्टी का मापन टेप से किया गया, जिसमें कुल 798.6 घनमीटर मिट्टी का अवैध भंडारण पाया गया। कार्रवाई करते हुए राजस्व एवं खनिज विभाग की टीम ने उक्त मिट्टी को जप्त कर ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में सुरक्षार्थ रखा है। प्रशासन द्वारा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया जा रहा है।
