तेज गर्मी से बेहाल एमपी , 20 से अधिक जिलों में लू की चेतावनी

प्रदेश में गर्मी लगातार बढ़ रही है। आज 22 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया , कई शहरों में तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया है....


प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच चुका है।  शनिवार को खजुराहो में 44.6 डिग्री और रतलाम में 44.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ है। जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।  मौसम विभाग ने हालात को देखते हुए प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में हीटवेव की औपचारिक चेतावनी जारी की है।  सुबह से ही तेज धूप और दोपहर होते‑होते झुलसाने वाली गर्मी लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर रही है।  फिलहाल राहत के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। 


20 से अधिक जिलों में लू का अलर्ट जारी.....

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), मौसम केंद्र भोपाल ने प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है।  चेतावनी के दायरे में रायसेन, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, सतना, छिंदवाड़ा, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, पांढुरना, रीवा, उमरिया, मंडला, मंदसौर, धार, भिंड और दतिया जैसे जिले शामिल हैं।  इन क्षेत्रों में कहीं‑कहीं लू की स्थिति बनी हुई है और आने वाले दिनों में इसका असर और बढ़ सकता है। 


क्यों खतरनाक हो रही है गर्मी.....

तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री तक अधिक चल रहा है. हवा में नमी कम है, जिससे लू का असर बढ़ गया है।  रात का तापमान भी अधिक बना हुआ है, जिससे शरीर को रिकवरी का समय नहीं मिल रहा। 

इन जिलों में बारिश के आसार.....

मौसम विभाग के अनुसार रीवा, सतना, शहडोल, सीधी, भोपाल, विदिशा, सागर, जबलपुर और ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।  ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। 


गर्मी से बचाव जरूरी.....

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे दिनभर पर्याप्त पानी पिएं, धूप में ज्यादा देर तक न रहें और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।


और नया पुराने