गुना जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले में एक महिला समेत तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। इस तिहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस को सबसे पहले एक महिला के लापता होने की शिकायत रही थी, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। हालांकि, तफ्तीश के दौरान पुलिस को सबसे पहले उसी लापता महिला का शव बरामद हुआ. इसके तुरंत बाद, पुलिस को घटनास्थल और उसके आसपास के दायरे से दो अन्य पुरुषों के शव भी मिले। तीन शव मिलने के बाद यह पूरा मामला तिहरे हत्याकांड में तब्दील हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने तीनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों और समय का पता चल सकेगा।
