आशीष रावत.... गढ़ा धन के नाम पर प्राचार्य से 1.04 करोड़ रुपए ठगे इस घटना ने पूरे शहर में चर्चा का विषय बना दिया है कि कैसे शिक्षित और जिम्मेदार पद पर आसीन व्यक्ति भी डर और लालच के जाल में फंसकर करोड़ों रुपये गंवा सकता है.....
नर्मदापुरम जिले के डोलरिया के एक शासकीय कॉलेज के प्राचार्य राकेश कुमार वर्मा से जमीन में गड़े खजाने को निकालने के नाम पर 1 करोड़ 4 लाख रुपये से अधिक की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि ठगी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि प्राचार्य के पूर्व कार चालक अंकित शर्मा ने की। आरोपी ने तंत्र-मंत्र और कानूनी कार्रवाई का भय दिखाकर उन्हें रकम देने के लिए मजबूर किया । प्राचार्य को जाल में फंसाने के लिए आरोपी ने कथित तौर पर खुदाई का नाटक रचा और एक पोटली निकालकर उसे खजाना बताया। साथ ही धमकी दी कि यदि इस बारे में पुलिस को जानकारी हुई तो कानूनी कार्रवाई होगी। डर के कारण प्राचार्य ने वह पोटली अपनी तिजोरी में रख ली ।
कुछ दिनों बाद आरोपी ने उज्जैन के किसी कथित महाराज और साधु की हत्या जैसी झूठी कहानियां गढ़कर प्राचार्य को और भयभीत किया । बदनामी और कार्रवाई के डर से प्राचार्य ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, नकद भुगतान और गोल्ड लोन के माध्यम से आरोपी को कुल 1 करोड़ 4 लाख रुपये दे दिए । जब प्राचार्य को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई । पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है ।
