छिंदवाड़ा सड़क हादसा में 10 लोगों की मौत

छिंदवाड़ा में बस पलट गई, जिसमें 10 लोगों की मौत और कई घायल हुए हैं बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे....

छिंदवाड़ा में दर्दनाक सड़क  हादसा हो गया है ।  इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है । 30 से ज्यादा लोग घायल हैं । घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है । छिंदवाड़ा-नागपुर मार्ग पर शाम करीब 7 बजे एक यात्री बस और लहसुन से भरी पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस वहीं पलट गई। इस हादसे में मौके पर ही 10 लोगों की जान चली गई। घटना शाम करीब साढ़े 7  बजे उमरानाला क्षेत्र में हुई । बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे और यह छिंदवाड़ा से उमरानाला की ओर जा रही थी । बस में सवार अधिकांश लोग चौरई तहसील में आयोजित हितग्राही सम्मेलन से लौट रहे थे, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए थे । 


फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। घटना के तुरंत बाद पुलिस और डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मरने वालों की पहचान बस ड्राइवर कमल (54), पिकअप ड्राइवर रवि धारे (40), भागवती (45), दौलत (40), सकुन यादव (45), रामदास (40), रमेश (35), सिया बाई (40), वंश (7) सहित एक अन्य के रूप में की गई। इधर बताया गया कि घायलों को 6 एम्बुलेंसों से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इसके लिए पुलिस ने हादसे की जगह से अस्पताल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया। 


सीएम ने सहायता राशि की घोषणा की.....

आज शाम को छिंदवाड़ा-नागपुर रोड पर हुई सड़क दुर्घटना हृदय विदारक है। प्रभावित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। परमपिता परमात्मा से प्रार्थना है कि सभी दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना करता हूँ। मैंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के इलाज के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। जबलपुर से डॉक्टर्स के दल छिंदवाड़ा और नागपुर भेजने के निर्देश दिए हैं। छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह जी को भी अपने कार्यक्रम परिवर्तित कर छिंदवाड़ा पहुँचने के लिए निर्देशित किया है। मृतकों के निकटम परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। सभी घायलों का इलाज निःशुल्क किया जाएगा। भोपाल में स्वास्थ्य विभाग में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहाँ से सभी घायलों के उपचार की सतत् मॉनिटरिंग की जा रही है।

और नया पुराने