राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संत प्रेमानंद महाराज से भेंट की

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तर प्रदेश के पावन धाम मथुरा और वृंदावन के तीन दिन के दौरे पर हैं ।  राष्ट्रपति का यह दौरा न केवल सुरक्षा की दृष्टि से बल्कि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी बहुत ही महत्वपूर्ण माना जा रहा है।  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज अपने दौरे के दौरान वृंदावन में प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की।  शुक्रवार सुबह राष्ट्रपति श्री हित राधा केली कुंज आश्रम पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए और बातचीत की।  राष्ट्रपति की इस यात्रा को लेकर पूरे मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।  सुबह करीब 7:30 बजे सुरक्षा के कड़े पहरे के बीच आश्रम पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू की सादगी देखते ही बन रही थी।  प्रेमानंद महाराज ने राष्ट्रपति को ब्रज की महिमा और सेवा भाव का महत्व समझाया। 

उनकी यात्रा 21 मार्च को गोवर्धन के दंगहाटी मंदिर में प्रार्थना के साथ समाप्त होगी, जिसके बाद वे नई दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले सात मील की पारंपरिक गोवर्धन परिक्रमा करेंगी । 



सरलता और श्रद्धा का संगम.....

भेंट के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सादगी और प्रेमानंद महाराज के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा स्पष्ट दिखाई दी। प्रेमानंद महाराज ने राष्ट्रपति को श्रीराधा नाम की महिमा और निस्वार्थ कर्म के महत्व के बारे में बताया। प्रेमानंद महाराज, जो अपने प्रखर विचारों और 'राधा वल्लभ' संप्रदाय की भक्ति परंपरा के लिए विश्वभर में जाने जाते हैं, ने राष्ट्रपति को मंगलमय जीवन और राष्ट्र की प्रगति के लिए अपना आशीर्वाद प्रदान किया।


सुरक्षा के कड़े इंतजाम.....

राष्ट्रपति के मथुरा और वृंदावन दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।  जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सुरक्षा कारणों संभावित खतरों के मद्देनजर पूरे जनपद को 'नो-फ्लाई जोन' घोषित कर दिया है।  जिला मजिस्ट्रेट की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मथुरा जनपद की सीमा में यह पाबंदी 19 मार्च को सुबह 10:00 बजे से लागू हो गई है और 21 मार्च को शाम 05:00 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान जिले में ड्रोन, पतंग या किसी भी प्रकार के गुब्बारे उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। 

और नया पुराने