प्रदेश में मार्च की शुरुआत में ही गर्मी तेज हो गई है। प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा, पश्चिमी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ने लगी है। पचमढ़ी को छोड़कर प्रदेश के सभी संभागों में दिन का अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। धार, नर्मदापुरम, खंडवा, खरगोन और रतलाम में पारा 38 डिग्री के पार पहुंच गया। ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग सबसे गर्म रहे। मौसम विभाग के अनुसार तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। अप्रैल-मई में 15 से 20 दिन तक लू चलने का अनुमान है।
रात का तापमान भी बढ़ा.....
प्रदेश में दिन के साथ रातें भी गर्म हो गई हैं। मंगलवार-बुधवार की रात बैतूल, गुना, नर्मदापुरम, खंडवा, रतलाम, श्योपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, सागर, सिवनी और टीकमगढ़ में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान धार में 19 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
अप्रैल-मई में चल सकती है लू.....
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मार्च में लू चलने की संभावना कम है, लेकिन अप्रैल और मई में गर्मी का असर ज्यादा रहेगा। इन महीनों में करीब 15 से 20 दिन तक लू चलने का अनुमान है।
