मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। बीते दिनों आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के बाद अब प्रदेश भीषण गर्मी और लू की गिरफ्त में आ गया है। खासकर मालवा-निमाड़ क्षेत्र में हालात ज्यादा गंभीर हैं। मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में गुरुवार के लिए तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले चार दिन तक प्रदेश के आधे हिस्से में गर्म हवाओं का असर बना रहने की संभावना है।प्रदेश के कई जिलों में दिन के साथ रात का तापमान भी बढ़ रहा है। इंदौर, उज्जैन और धार में वॉर्म नाइट की चेतावनी दी गई है, यानी रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, देवास, सीहोर, शाजापुर, आगर-मालवा और राजगढ़ में भी लू का असर देखने को मिलेगा।
गुरुवार को राजधानी भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज गर्मी पड़ने का अनुमान है। शाजापुर, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, टीकमगढ़ और छतरपुर जैसे जिलों में तापमान 44 डिग्री के पार जा सकता है।बुधवार को प्रदेश के 12 शहरों में तापमान 44 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां पारा 45.4 डिग्री तक पहुंच गया। रतलाम में 45.2 डिग्री और धार में 45 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। उज्जैन 44.7 डिग्री के साथ बड़े शहरों में सबसे गर्म रहा। भोपाल में 43.2 डिग्री, इंदौर में 43.6 डिग्री, जबलपुर में 42.7 डिग्री और ग्वालियर में 42 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की अपील की गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
