आशीष रावत.....प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाने और सादगी अपनाने की अपील कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मध्य प्रदेश में बीजेपी नेताओं के काफिले चर्चा का विषय बन गए हैं.....
10 मई को हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक हालात और इजराइल–ईरान तनाव का जिक्र करते हुए देशवासियों से ईंधन बचाने की अपील की थी। उन्होंने गैरजरूरी यात्राओं से बचने, सार्वजनिक परिवहन अपनाने और सादगीपूर्ण जीवनशैली पर जोर दिया था। वहीं दूसरी ओर मध्यप्रदेश में बीजेपी नेताओं के भव्य काफिले सुर्खियों में हैं। मप्र पाठ्यपुस्तक निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर सोमवार को उज्जैन से करीब 200 से अधिक गाड़ियों के काफिले के साथ भोपाल पहुंचे। इस दौरान कई इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। इस काफीले का वीडियो अब वायरल हो रहा है, जिसपर सवाल उठ रहे हैं।
सौभाग्य सिंह ठाकुर के लंबे काफिले के कारण उज्जैन से भोपाल तक हाईवे पर कई स्थानों पर यातायात बाधित रहा। भीषण गर्मी में लोग घंटों जाम में फंसे रहे। बच्चों, बुजुर्गों और यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। भोपाल पहुंचने के बाद सौभाग्य सिंह ठाकुर ने बीजेपी प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया इस दौरान शहर की प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ता गया।
